Saturday, June 2, 2007

सब रजिस्ट्रार कार्यालय में संघर्ष, कामकाज रहा ठप

गाजियाबाद, जागरण संवाद केंद्र : सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने को लेकर आंदोलन की घोषणा करने वाले संगठन के संयोजक व कार्यकताओं का तहसील परिसर में सब रजिस्ट्रार कार्यालय के कर्मियों से टकराव हो गया। टकराव में दोनों पक्षों को मामूली चोट आई हैं। घटना के विरोध में सरकारी कर्मचारी तहसील कंपाउंड संघ संगठन के मुखिया की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लामबंद होने शुरू हो गए हैं वहीं शुक्रवार को कार्यालय में ताले डाल कर कामकाज भी बंद कर दिया गया है। दूसरी ओर संगठन के मुखिया कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी का कहना है कि वह कर्मचारियों से रिश्वत न लेने की अपील करने गए थे, जहां कर्मचारियों ने बंधक बना कर उनसे अभद्रता की। पुलिस ने मौके से तीन लाउडस्पीकर लगी जीप भी बरामद की है। खबर लिखे जाने तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। राष्ट्रीय सैनिक संस्था व आजाद हिंद फौज संगठन के लोग शुक्रवार की सुबह श्तहसील स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे। रिश्वत लेने व देने के विरोध में यह कार्यकर्ता हर कार्यालय में घुसकर नारे लगा रहे थे। निबंधन लिपिक त्रिवेणी शंकर की ओर से सिहानी गेट पुलिस को दी तहरीर में कहा गया है कि कार्यालय में घुसे कुछ लोगों ने उनसे जबरन चंदे की मांग की। इनकार करने पर उनसे मारपीट की गई। कुछ लोगों ने जबरन कैश बाक्स से नकदी निकालने का प्रयास किया और विरोध करने पर मारपीट की गई। मामले की भनक लगते ही कई कर्मचारी व वकील मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों में टकराव हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने संगठन से जुड़े सुधीर त्यागी को हिरासत में लिया। पुलिस ने तहसील परिसर से श्री त्यागी की जीप भी कब्जे में ले ली। निबंधन लिपिक संघ के अध्यक्ष नवीन तोमर ने घटना पर रोष जताते हुए श्री त्यागी की गिरफ्तारी की मांग की है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष व कोषागार कर्मचारी संघ के अध्यक्ष एसपी सिंह ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की। तहसील कंपाउंड संघ के अध्यक्ष वेदपाल सिंह कुशवाहा ने कहा कि जब तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, संघ की हड़ताल जारी रहेगी। इस मामले में सदर क्षेत्र के पांचों सब रजिस्ट्रार ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सर्वजीत राम को ज्ञापन देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना के कारण कर्मचारियों में दहशत है और वे कार्य करने में स्वयं को असक्षम महसूस कर रहे हैं। बाद में सर्वजीत राम ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक रतन से भी वार्ता की। इधर श्री त्यागी ने कहा कि वे इस मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएंगे और भ्रष्टाचार के विरोध में आंदोलन तेज करेंगे। [Friday, June 01, 2007 11:17:05 PM (IST) ]

No comments: