Saturday, June 9, 2007

हापुड़ में बस पलटने से 14 मरे, 15 घायल

हापुड़, जागरण संवाद केंद्र : शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बुलंदशहर रोड पर पक्की चौकी के पास निजी बस पलटने से 14 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए। दुर्घटना का कारण बस की तेज गति और चालक का रोडवेज बस को ओवरटेक करने का प्रयास बताया गया है। जिलाधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने घटना की जांच उप जिलाधिकारी, हापुड़ संजय चौहान को सौंप दी है। डीएम ने मृतकों व घायलों को मुख्यमंत्री राहत कोष सहायता दिलाने के लिए शासन से निवेदन भी किया है। घटनाक्रम के अनुसार दुर्घटना का शिकार हुई बस तड़के पांच बजे मेरठ से बुलंदशहर के लिए चली थी। मेरठ से चलते समय बस में सवारियां काफी कम थीं, लेकिन हापुड़ पहुंचने पर बस भर गई थी। सुबह करीब साढ़े छह बजे हापुड़ से पांच किलोमीटर आगे बुलंदशहर रोड पर चालक ने आगे चल रही रोडवेज बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। लेकिन, तेज गति और सड़क किनारे बजरी पड़ी होने के कारण चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस पलटने के बाद रगड़ते हुए सड़क किनारे पेड़ में जा घुसी। बस के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस के पेड़े से टकराते ही सवारियों की चीख पुकार सुन आसपास के गांव के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बस में बुरी तरह फंसे घायलों को निकालना शुरू किया। बस के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण घायलों को बाहर निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस के अनुसार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। 22 घायलों को लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया। इनमें सात ने अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ा। उधर, बस चालक इफ्तिकार घायल होने के बावजूद फरार हो गया। ग्रामीणों का कहना था कि समय रहते क्रेन मौके पर पहुंच जाती तो कुछ और लोगों की जान बचाई जा सकती थी। साढ़े छह बजे दुर्घटना होने के बावजूद करीब आठ बजे पुलिस की क्रेन घटनास्थल पर पहुंची। दूसरी ओर, दुर्घटना की सूचना पर परिजन बदहवास हालत में सरकारी अस्पताल पहुंचे। जहां वे शवों के ढेर में अपनों को पहचानने में जुट गए। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि परिजनों के लिए शवों को पहचानना भी मुश्किल हो रहा था। कुछ गंभीर रूप से घायल लोगों को मेरठ और दिल्ली के अस्पतालों के लिए रेफर किया गया है। मृतक : वीरेद्र मौर्य , सतबीर सिंह (बुलंदशहर), हरवीर सिंह (हाफिजपुर), बादामी (मैनपुरी), गुलजार (जिला रामपुर), भूरा सिंह (गांव गठौली, औरंगाबाद, बिहार), शाहबाज (7) पुत्र अयातुल्ला रर्हमान (नवी करीम, हापुड़), अयातुल्ला रर्हमान उर्फ बौना (नवी करीम, हापुड़), असगर अली (जिला रामपुर), मदनपाल (रफीक नगर, हापुड़), प्रोमिला (मेरठ)। इसके अलावा एक महिला और दो पुरुषों के शव की पहचान नहीं हो सकी है। घायल : कांस्टेबिल चिरंजीलाल (हापुड़), अहमद सईद (हापुड़), पदमा (बुलंदशहर), नंद सिंह (हापुड़), मनीषा (हापुड़), आयशा (बुलंदशहर), नदीम (गुलावठी), टीटू (गढ़मुक्तेश्वर), ताहिरा (जिला रामपुर), रेहाना (हापुड़), जमीला (सिकंदराबाद), गौरव (सुल्तानपुर), मुनीष (बुलदंशहर), सायरा (हापुड़)।

No comments: