Saturday, June 9, 2007

उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया

साहिबाबाद, जागरण संवाद केंद्र : ट्रांस हिन्डन इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के तत्वाधान में शुक्रवार को साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित स्वागत समारोह में एडीएम सर्वजीत राम एवं उत्तार प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश कुमार का सम्मान किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्र की समस्याएं बताई गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योगपति दुर्गेश यादव ने की। इन्होंने कहा कि साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र के प्रदेश के औद्योगिक विकास में अहम योगदान है। यहां से सरकार को प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये टैक्स मिलता है। लेकिन औद्योगिक क्षेत्र की स्थिति खस्ताहाल है। सड़कें टूटी हुई हैं, जगह-जगह नालियों का पानी सड़कों पर फैल रहा है। औद्योगिक क्षेत्र की अधिकांश स्ट्रीट लाइटे बंद रहती हैं। एसोसिएशन के महासचिव अशोक कुमार ने बताया कि अधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्र की स्थिति सुधारने का आश्वासन दिया है। एडीएम ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए प्रशासनिक स्तर पर हर संभव मदद की जाएगी। औद्योगिक विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ने आश्वासन दिया कि यदि उद्योगपतियों को कोई दिक्कतें आती है तो उसका तत्काल हल ढूंढा जाएगा।

No comments: